
Ranchi: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने झारखंड में प्रवेश कर लिया है, लेकिन राज्य में इसका व्यापक प्रभाव अभी देखने को नहीं मिल रहा है। मॉनसून की दस्तक के बावजूद अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां सीमित बनी हुई हैं। हालांकि संथाल परगना क्षेत्र के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली है।

मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों के लिए 13 जून से 19 जून तक बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इस अवधि के दौरान कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। संभावित मौसमीय गतिविधियों को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ वर्षा की मात्रा में भी वृद्धि हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर बनाए रखने का आग्रह किया है।



