
Deoghar: भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ शनिवार को देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा बैद्यनाथ से देश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान उनके साथ भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि वह बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लेने देवघर आए हैं। उन्होंने कहा कि देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली है। उन्होंने बाबा से प्रार्थना की है कि प्रधानमंत्री दीर्घायु, स्वस्थ और ऊर्जावान रहें। साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सफल हो।
संजय सेठ ने कहा कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारत को विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए सभी देशवासियों के सहयोग और आशीर्वाद की आवश्यकता है।
उनके आगमन को लेकर मंदिर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
मंदिर में पूजा के बाद संजय सेठ भाजपा कार्यालय भी पहुंचे। वहां उन्होंने फलदार पौधों का रोपण किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


