
Ranchi: झारखंड हाई कोर्ट (Jharkhand High Court) में दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) धनबाद की प्रिंसिपल सरिता सिन्हा की कथित वित्तीय अनियमितता की जांच की मांग को लेकर शनिवार को जनहित याचिका दाखिल की गई है। जनहित याचिका युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अभिजीत राज ने दायर की है।

याचिका में डीपीएस की प्राचार्य, बीसीसीएल के सीएमडी और बिल्डर अमित सुल्तानिया एवं डीपीएस सोसाइटी के चेयरमैन समेत अन्य लोगों को पार्टी बनाया गया है। याचिका में कहा गया है कि दिल्ली पब्लिक स्कूल धनबाद के जूनियर विंग जगजीवन नगर के भवन निर्माण में घोर अनियमितता हुई है।

विद्यालय कोषांग से सारा पैसा इस भवन के निर्माण में और स्कूल में कोविड काल में सैनिटेशन लिफ्ट के नाम पर खर्च कर दिया गया है, जिस कारण विद्यालय के शिक्षकों को समय पर वेतन देने के लिए बैंक से ली गई लोन की राशि जमा करने के लिए शिक्षकों एवं कर्मचारियों के पीएफ एवं एलआईसी की रकम जमा करने के लिए विद्यालय के पास पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं है। इसलिए इस पूरे मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच होनी चाहिए।
याचिका में यह भी कहा गया है कि एक ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें प्राचार्य सरिता सिन्हा एवं संवेदक अभिजीत सुल्तानिया के बीच करोड़ों रुपये के लेन-देन का जिक्र है।


