
Godda: गोड्डा वासियों को रेल मंत्रालय की तरफ से एक और नयी ट्रेन की सौगात मिली है। महज 18 से 19 महीने के अंदर इस नवनिर्मित रेलवे स्टेशन गोड्डा से दसवीं ट्रेन मिली है। इस बार ट्रेन बिहार की राजधानी पटना के लिए है।

शनिवार को गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा गोड्डा विधायक अमित मंडल ,मालदा डिवीज़न के डीआरएम विकास चौबे की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर गोड्डा-राजेन्द्र नगर एक्सप्रेस ट्रेन को रवाना किया गया।
स्थानीय निवासियों की बहु-प्रतीक्षित मांग पूरी हुई: निशिकांत

उद्घाटन के मौके पर सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि स्थानीय निवासियों की बहु-प्रतीक्षित मांग पूरी हुई है। इस ट्रेन के शुभारंभ से गोड्डा जिले का पटना तक सीधा रेल संपर्क हो जाएगा। व्यापारियों और कारीगरों के लिए बड़े बाजार तक पहुँच यहां के लोगों के लिए अब आसान हो जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को इतनी ट्रेनों के सौगात देने के लिए आभार व्यक्त किया।

कमियों को दूर करने की होगी कोशिश: अमित मंडल
मौके पर मौजूद गोड्डा के विधायक अमित मंडल ने सांसद निशिकांत दुबे द्वारा रेल की दिशा में किये जा रहे उपलब्धियों पर अपनी बातें कहते हुए ये भी कहा कि आने वाले समय में जो भी कमियाँ यहाँ है उसे भी दूर करने का प्रयास किया जायेगा।
बहुत कम समय में अच्छा राजस्व देने वाला स्टेशन बन गया है गोड्डा:DRM
डीआरएम विकास चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि गोड्डा स्टेशन रेलवे को बहुत कम समय में अच्छी खासी राजस्व देने वाला स्टेशन बन गया है। यहाँ से 50 हजार से ज्यादा लोग प्रतिमाह सफ़र का लाभ उठा रहे हैं और रेलवे इससे उत्साहित है और भविष्य में और भी नई योजना यहाँ के लिए सोच रही है।


