
Deoghar: रविवार की देर रात को देवघर-सारठ मुख्यमार्ग पर दलदली बालीडीह के पास अज्ञात वाहन से धक्का लगने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी। मृतक का नाम 23 वर्षीय नीरज कुमार झा है जो सारवां थाना क्षेत्र के लखोरिया का रहने वाला है।

पुलिस को दिये बयान में मृतक के चाचा संजय कुमार झा ने कहा है कि नीरज कुमार झा अपने बाइक से मौसी की बेटी की शादी में जीयाखड़ा गया था। देर रात को वह बाइक से घर लौट रहा था। उसी क्रम में दलदली बालीडीह के पास अज्ञात वाहन ने उसके बाइक में जोरदार धक्का मार दिया।

इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तबतक उसके शरीर से काफी खून बह गया था। आनन- फानन में इलाज के लिये सदर अस्पताल पहंंुचाया जहां देखने के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम ओपी प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।


