spot_img
spot_img

सरकार की लोकप्रियता से BJP वालों के पेट में हो रहा दर्द: CM हेमंत

Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Chief Minister Hemant Soren) ने कहा कि उनकी सरकार की लोकप्रियता जैसे-जैसे बढ़ रही है वैसे-वैसे भाजपा (BJP) वालों के पेट में दर्द हो रहा है। विपक्ष मूलवासी आदिवासियों को भड़काने का काम कर रहा है लेकिन इस साजिश को राज्य की जनता ने पहचान लिया है। भाजपा अपने दोषों का ठीकरा वर्तमान सरकार पर फोड़ रही है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को यूपीए विधायकों की बैठक समाप्त होने के बाद आवास के बाहर बने मंच से मौजूद लोगों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने मंच पर पहुंचकर हाथ जोड़ कर वहां मौजूद लोगों का अभिनंदन स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि कल हम ईडी ऑफिस गये थे। लगभग आठ घंटों तक उनके सवालों का जवाब दिया। हमने उनसे कहा कि आपने जो आरोप लगाये हैं क्या यह दो साल में पूरा हो सकता है। ईडी का कहना है कि यह दो साल का आरोप नहीं हैं। हमने उनसे कहा कि अगर आप ईमानदारी से दूध का दूध और पानी का पानी करोगे तो सरकार का पूर्ण समर्थन एजेंसियों को मिलेगा।

आखिर गैर भाजपा शासित राज्यों पर ही ईडी की कार्रवाई क्यों:CM

मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि आखिर गैर भाजपा शासित राज्यों पर ही ईडी की कार्रवाई क्यों हो रही है। आजतक सिर्फ व्यापारी ही देश का करोड़ों रुपये लेकर विदेश भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य और युवाओं की बद से बदतर स्थिति बना दी है। दूसरी तरफ आदिवासी मूलवासी बच्चों को आज हमारी सरकार बीडीओ, सीओ बना रही हैं। रोजगार की व्यवस्था हो रही है। इंजीनियरिंग पर नियुक्ति हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संघर्ष करना हम गरीबों के लिए सर्दियों का इतिहास रहा है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भी इन लोगों ने परेशान किया, लेकिन क्या हुआ। आज शिबू सोरेन के ऊपर कोई भी दाग नहीं है।

मंच पर मंत्री मिथलेश ठाकुर, सत्यानंद भोक्ता, जोबा मांझी, बन्ना गुप्ता, चंपई सोरेन, सांसद विजय हांसदा, महुआ माजी, विधायक अनूप सिंह, सरफराज अहमद, इरफान अंसारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय सहित अन्य उपस्थित थे।

दूसरी ओर राज्य के विभिन्न जिलों से झामुमो कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के पास पहुंचे। इस कारण राजधानी रांची के वीआईपी सड़क कांके रोड सहित अन्य सड़कों पर घंटो जाम लग गया। हालांकि, अधिकतर जेएमएम कार्यकर्ता मोरहाबादी मैदान में जुटे रहे । जहां वे नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का समर्थन कर रहे थे। कार्यकर्ताओं की लगातार जुट रही भीड़ की वजह से कांके रोड स्थित प्रेमसंस मोटर के पास से रूट डायवर्ट कर दिया गया।

Leave a Reply

Hot Topics

Related Articles

Don`t copy text!