
Deoghar News : श्रावणी मेला-2026 के दौरान जसीडीह रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की चोरी रोकने और चोरी की घटनाओं का पता लगाने के लिए चलाये जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ ने तीन मोबाइल फोन के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। कार्रवाई 17 अगस्त की अहले सुबह की गयी।

वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर एएसआई कमलेश कुमार के साथ हेड कांस्टेबल भीम कुमार, कांस्टेबल देवलाल किस्कू और कांस्टेबल मो. तौकीर अंसारी को रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक सादे कपड़ों में ड्यूटी पर लगाया गया था। करीब दो बजे टीम जसीडीह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर गश्त कर रही थी और संदिग्ध लोगों एवं गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

इसी दौरान एएसआई कमलेश कुमार की नजर हावड़ा छोर स्थित फुट ओवरब्रिज के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी। वह भगवा रंग की बनियान और हाफ पैंट पहने कांवरिया के वेश में सो रहे कांवरियों के बीच संदिग्ध तरीके से घूम रहा था। पुलिसकर्मी के पास पहुंचते ही उसने फुट ओवरब्रिज की ओर भागने का प्रयास किया, लेकिन हेड कांस्टेबल भीम कुमार और कांस्टेबल मो. तौकीर अंसारी की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम भीम उर्फ भीम रावत (28 वर्ष), पिता सदान लाल रावत, निवासी बेहसा गांव, सरोजनी नगर थाना, लखनऊ, उत्तर प्रदेश बताया। तलाशी के दौरान उसकी हाफ पैंट की जेब से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। इनमें हल्के भूरे रंग का रियलमी कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल, नीले रंग का वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल और काले रंग का वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल शामिल है।
बरामद मोबाइल के संबंध में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि बरामद मोबाइल में से एक जसीडीह रेलवे स्टेशन पर एक यात्री से चोरी किया था, जबकि दो अन्य मोबाइल देवघर मंदिर के पास से चोरी किये थे। तीनों मोबाइल के पैटर्न लॉक खोलने को कहने पर वह उन्हें खोल नहीं सका।
इसी बीच नागदह सिंघौल, बेगूसराय निवासी यात्री विक्रम कुमार ने हल्के भूरे रंग के रियलमी मोबाइल की पहचान अपना मोबाइल बताकर की। हालांकि समयाभाव के कारण उन्होंने जीआरपी जसीडीह में आरोपित के खिलाफ लिखित शिकायत नहीं दी। इसके बाद एएसआई कमलेश कुमार ने उपलब्ध गवाहों की मौजूदगी में बरामद सामान की जब्ती सूची तैयार की।
आरोपित और जब्त सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट जसीडीह लाया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित और जब्त मोबाइल को जीआरपी जसीडीह के हवाले कर दिया गया।
इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट जसीडीह के एएसआई कमलेश कुमार ने जीआरपी जसीडीह में लिखित शिकायत दी। इसके आधार पर जीआरपी जसीडीह ने कांड संख्या 78/26, दिनांक 17.08.2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 317(5) के तहत कार्रवाई शुरू की है। आरपीएफ कर्मियों की तत्परता और सतर्कता से श्रावणी मेला-2026 के दौरान मोबाइल चोरी के मामले का पता लगाने के साथ संदिग्ध को पकड़ने में सफलता मिली।



