
Deoghar News: देवघर नगर थाना क्षेत्र स्थित खूबसूरत मॉल के एक कर्मी की संदिग्ध परिस्थिति में छत से गिरने से मौत हो गयी। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है। वह बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के विश्वनाथडीह का रहने वाला था और करीब एक वर्ष से उक्त मॉल में काम कर रहा था।

घटना सोमवार की अहले सुबह की बतायी जाती है। बताया जाता है कि घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और रोहित को सदर अस्पताल लेकर गयी। वहां जांच के बाद ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सोमवार की दोपहर परिजन देवघर सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के पिता शांति राम गोप ने बताया कि उन्हें उनके एक अन्य बेटे से फोन पर जानकारी मिली कि उसके भाई की देवघर में मौत हो गयी है। इसके बाद वे लोग देवघर सदर अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने बताया कि बेटे से मिली जानकारी के अनुसार रोहित मॉल की छत से गिर गया था। हालांकि, किस परिस्थिति में वह छत से गिरा और उसकी मौत हुई, यह जांच का विषय है। इधर, नगर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।



