
Deoghar: देवघर एसपी सुभाषचन्द्र जाट को मिली गुप्त सूचना पर मधुपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित छापामारी में टीम ने कुख्यात डकैत व साइबर अपराधी मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के दुधानी निवासी इनामुल हक उर्फ कड़वा को गिरफ्तार कर पुछताछ के बाद जेल भेज दिया। वह मारगोमुुंडा थाना कांड संख्या 34/21, करौं थाना कांड संख्या 31/21 तथा 21/21 में डकैती एवं आर्म्स एक्ट का आरोपी था।

वहीं वह साइबर अपराध के मामले में 2015 में साउथ दिल्ली पुलिस उसे जेल भेज चुकी है। बताते चलें कि कुछ दिन पूर्व ही दिल्ली पुलिस द्वारा उसे पकड़कर फिर छोड़ने को मामला काफी सुर्खियों में रहा था। दिल्ली पुलिस पर मोटी रकम लेकर छोड़ने का आरोप लगा था। इसे लेकर एसपी सुभाषचन्द्र जाट ने गुरूवार को एक प्रेसवार्ता कर विशेष रूप से जानकारी दी। बताया कि यह एक कुख्यात अपराधी रहा है जो काफी दिनों से फरार चल रहा था।

एक सवाल के जबाव में एसपी ने बताया कि इसे दिल्ली पुलिस ने पकड़ कर छोड़ दिया था इसे लेकर मधुपुर एसडीपीओ से जांच करायी गयी थी। वहीं दिल्ली पुलिस के दो एसआई से भी पुछताछ की गयी थी। लेकिन उन्होंने रूपये लेन देन कर छोड़ने की बात को सिरे से खारिज कर दिया था। बताया कि दिल्ली पुलिस ने देवघर पुलिस को बताया कि कड़वा को वे लोग स्पाई के रूप में इस्तेमाल करते थे।

हांलाकि एसपी ने यह भी बताया कि बाद में जब कड़वा मौलवी को गिरफ्तार कर पुछताछ किया गया तो उसने कुछ ट्रांजेक्शन की बात बतायी है। जिसकी जांच मधुपुर एसडीपीओ विनोद कुमार रवानी से करायी जा रही है। कहा कि इसमें कितनी सच्चाई है जांच के बाद ही पता चल पायेगा।
मौके पर मधुपुर एसडीपीओ विनोद रवानी, मरागोमुंडा थाना प्रभारी अनुरंजन समेन्द्र समद, करौं थाना प्रभारी चन्दन कुमार दूबे सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।


