
Jhajjar: बहादुरगढ़ के थाना लाइनपार की कॉलोनी छोटूराम नगर में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक के जीजा की शिकायत पर उसकी पत्नी व प्रेमी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी अभी फरार है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। हत्या कैसे की गई है, इस बारे में जानकारी नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद यह खुलासा होगा।

उत्तर प्रदेश के जिला आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र के गांव नंगला पृथ्वीनाथ निवासी रामदास पुत्र कालीचरण ने पुलिस को बताया है उसकी शादी शाहगंज, जिला आगरा की निवासी मीना पुत्री चंदन सिंह के साथ हुई थी। उसके सास व ससुर की मौत हो चुकी है। उसका साला राजकुमार है। जिसकी शादी बिहार के जिला पटना के गांव खुसरुपुर निवासी पूनम पुत्री रामबलीराम के साथ हुई थी। पूनम व राजकुमार दो बच्चों का माता-पिता बने। वे बहादुरगढ़ के छोटूराम नगर में किराए के कमरे में रहते था। रामदास ने बताया कि राजकुमार की उसकी पत्नी पूनम के साथ करीब दो वर्षों से अनबन चल रही थी।

दरअसल, राजकुमार को अपनी पत्नी पूनम के चरित्र पर शक था, क्योंकि पूनम की दोस्ती बिहार के जिला वैशाली के गांव गौखुलपुर निवासी शिवदयाल पुत्र राजबलीराम के साथ थी। राजकुमार का इस बात को लेकर अपनी पत्नी से झगड़ा होता रहता था। काफी समय से उसकी पत्नी अलग रहती थी। बताया गया है कि चार-पांच दिन पहले पूनम अपने बच्चों को लेकर अपने पति राजकुमार के पास छोटूराम नगर लाइनपार में पहुंची थी। उस दौरान उसके साथ शिवदयाल भी था।
रामदास को पता चला कि उनके साले राजकुमार की मौत हो गई है। तब वह गुरुवार को बहादुरगढ़ पहुंचे और उन्होंने अस्पताल में पहुंचकर शव की शिनाख्त की। उन्होंने शक जताया है कि राजकुमार की हत्या उसकी पत्नी पूनम व उसके दोस्त शिव दयाल ने की है। लाइनपार थाना पुलिस ने रामदास की शिकायत पर दोनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी दोनों फरार है। पुलिस ने वीरवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
यह अभी स्पष्ट नहीं है कि राजकुमार की मौत कब हुई। लेकिन मौत की जानकारी उस वक्त मिली जब राज कुमार के कमरे से दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों ने पुलिस की मदद से कमरा खोला तो अंदर राज कुमार का सड़ा हुआ शव मिला।
लाइनपार थाना बहादुरगढ़ के प्रभारी रामकरण ने बताया कि छोटूराम नगर में बंद कमरे में शव मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मृतक के जीजा की शिकायत पर उसकी पत्नी व उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। हत्या कैसे की गई है, इस बारे में खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।



