
Madhupur (Deoghar): सोमवार को मधुपुर-गिरिडीह रेलखंड के जगदीशपुर स्टेशन के समीप एक 16 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। छात्रा प्रियंका कुमारी गिरिडीह बेंगाबाद थाना क्षेत्र जमुनियाटांड गांव की रहने वाली थी।

जानकारी के मुताबिक प्रियंका जगदीशपुर प्लस टू उच्च विद्यालय में इंटरमीडिएट में पढ़ाई कर रही थी।विद्यालय से पढ़ाई कर वापस घर लौटने के लिए वो जगदीशपुर स्टेशन ट्रेन पकड़ने के लिये जा रही थी।इसी बीच रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान छात्रा का चप्पल पेंड्रोल क्लिप में फंस गया। इसी क्रम में ओवरहेड तार मरम्मती वैन के चपेट में आ गई। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद गांव के सैकड़ों महिला पुरुष आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की और शव को पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग को लेकर काफी हो हंगामा करते हुए रेलवे ट्रैक जाम कर दिया। सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर इंचार्ज देवनाथ , मधुपुर रेल थाना प्रभारी बृजनंदन ठाकूर और बुढ़ई थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची। ग्रामीणों को काफी समझाने बुझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण काफी आक्रोशित थे।
ग्रामीण नए सिरे से पैदल ऊपरी पुल निर्माण की बात कर रहे थे। पुलिस पदाधिकारियों द्वारा शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग मान लेने के बाद ग्रामीण शांत हुए। शव को परिजनों को सौंप दिया गया।इस दौरान मधुपुर-गिरिडीह रेलखंड पर घंटों रेल परिचालन बाधित रहा।



