
Deoghar: देवघर जिले की कुंडा थाना पुलिस ने रिंकू पूरी हत्याकांड के मुख्य दो आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद रविवार को जेल भेज दिया। बदमाश के पास से एक देशी कट्टा व घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक को भी बरामद कर लिया। जेल गए बदमाश का नाम रूपेश यादव, महुआटांड़ और ऋषि रंजन यादव, पकड़िया के नाम शामिल हैं।

सदर एसडीपीओ पवन कुमार ने अपने कार्यकाल कक्ष में एक प्रेसवार्ता कर विशेष रूप से जानकारी दी। मौके पर कुंडा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार भी मौजूद थे। एसडीपीओ ने बताया कि थाना क्षेत्र के बलियाचौकी में 4 अक्टूबर 2022 को दशहरा के 9 वीं के दिन रिंकू पूरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपी को जेल भेज चुकी है। बताया कि हत्याकांड का मुख्य आरोपी रूपेश और ऋषि रंजन फरार चल रहा था।

बताया कि रूपेश ने दो गोली और ऋषिरंजन ने एक गोली रिंकू पूरी को मारा था। वहीं एक अन्य आरोपी जिसने एक गोली मारा था वह अभी फरार है। बताया कि हत्याकांड के कुछ दिन पूर्व ही एक जमीन विवाद में रिंकू पूरी ने रूपेश और ऋषिरंजन को चाकू मारकर घायल कर दिया था। दोनों ने पांडेय मोड़ स्थित एक प्राइवेट क्लीनिक में इलाज करा लिया था। इस घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी थी। उसके उपरांत दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर रिंकू की हत्या का प्लान बनाया। योजना के तहत 4 अक्टूबर को इन सबों ने मिलकर रिंकु की गोली मारकर हत्या कर दी।


