Deoghar: सीमावर्ती राज्य बिहार के जमुई जिला के सिमुलतला थाना की पुलिस एक बदमाश की तलाश में गुरुवार को देवघर पहुंची और यहां नगर थाना क्षेत्र के विलियम्स टाउन स्थित सुलेखा लॉज में छापेमारी किया। सुलेखा लॉज से बिहार पुलिस ने जमुई जिले में हुए कई लूटकांड और डकैती में शामिल आरोपी पंकज यादव को गिरफ्तार किया है।
बिहार पुलिस ने बताया कि सिमुलतला और चंद्रमंडीह इलाकों में लूट की घटनाओं से जमुई पुलिस की परेशानी बढ़ गई थी। अगस्त महीने में जमुई जिले के सिमुलतला और चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग लूट की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसमें दो अलग-अलग माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से 81 और 54 हजार की लूट की गई थी। इसके अलावा दूधवाले से एक बाइक और मोबाइल की लूट हुई थी। घटना के बाद जमुई एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए छह युवकों को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से चोरी की बाइक भी बरामद की गई थी।
गिरफ्तार युवकों की निशानदेही पर पुलिस ने देवघर में छापेमारी कर पंकज यादव को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरोह का सरगना देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र का रहने वाला है। गिरोह के सदस्य जमुई और देवघर जिला क्षेत्र में सक्रिय हैं। गिरोह देवघर के जसीडीह के साथ जमुई जिले के सिमुलतला और चंद्रमंडीह इलाकों में सड़क पर लूट व डकैती की घटना को अंजाम देता है। यह गिरोह खासकर बाइक लूटता है।