
Giridih: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के परातडीह में डेकोरेशन मजदूर मो. रफी हत्याकांड में संलिप्त मोबिन अंसारी उर्फ राजा बाबू की दुकान को गुरुवार को स्थानीय पुलिस प्रशासन ने जेसीबी लगाकर पूरी तरह से जमींदोज कर दिया। कार्रवाई का नेतृत्व सदर एसडीपीओ अनिल सिंह कर रहे थे। इस दौरान मुफ्फसिल थाना पुलिस के जवान तैनात थे।

इस बावत सदर एसडीपीओ अनिल सिंह ने बताया कि मोबिन अंसारी उर्फ राजा बाबू एक शातिर बदमाश है और इलाके में भय पैदा किए हुए था। बुधवार को इसने साथियों के साथ एक डेकोरेशन मजदूर को रंगदारी नहीं मिलने के कारण पीटा था जिससे उसकी मौत हो गई। इससे पहले भी आरोपित के खिलाफ लूट के कई केस दर्ज हैं।

बताया गया कि सीसीएल की जमीन पर इस दबंग बदमाश ने अवैध तरीके से दुकान का निर्माण कर रखा था। इसके खिलाफ सीसीएल के अधिकारियों ने कार्रवाई के लिए कई बार पुलिस को लिखित आवेदन भी दिया था।


