दुमका:
दुमका पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक हार्डकोर महिला नक्सली को गिरफ्तार किया है। महिला नक्सली पर पुलिस ने एक लाख रूपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
गिरफ्तार महिला नक्सली पुतुल देवी उर्फ़ सुहाना को पुलिस ने उस वक्त गिरफ्तार किया जब वह काठीकुंड थाना क्षेत्र अंतर्गत मसनिया गांव स्थित अपने घर पहुँची थी। हथियार चलाने में माहिर नक्सली पुतुल पर साल 2012 में काठीकुंड थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनी के पास एक सड़क निर्माण से जुडी कंपनी के प्लांट में आगजनी की घटना में शामिल होने का आरोप है। इस घटना में नक्सलियों ने सड़क निर्माण से जुडी कंपनी के प्लांट पर देर रात हमला कर कई वाहनों और क्रशर को आग के हवाले कर दिया था जिसमे नक्सली पुतुल को नामजद आरोपी बनाया गया था। पुलिस लम्बे समय से पुतुल की तलाश में थी।
गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से पुतुल के खिलाफ वारंट भी जारी किया गया था। पुतुल के मसनिया गांव स्थित घर में कुर्की जब्ती की कार्रवाई भी की गयी थी। फ़िलहाल पुलिस ने पुतुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और जल्द ही उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ भी करेगी ताकि अन्य नक्सली घटनाओ में उसकी संलिप्तता और नक्सलियों के बारे में उससे कोई जानकारी मिल सके।