
Deoghar: गुजरात के वलसाड जिले के साइबर पुलिस (Cyber Police) की टीम ने देवघर पुलिस के सहयोग से शुक्रवार को एक संदिग्ध साइबर आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हिरासत में लिया गया आरोपी जसीडीह थाना क्षेत्र के गौराडीह गांव का रहने वाला है। वह जसीडीह थाना क्षेत्र के बसुआडीह अवस्थित पीएचडी स्टोर कैंप में सिक्योरिटी गार्ड (security guard) का काम करता है। पुलिस द्वारा आरोपी को उसके कार्यस्थल से ही हिरासत में लिया गया है।

आरोपी का नाम राकेश कुमार बताया गया है। कार्रवाई के संदर्भ में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुजरात के वलसाड जिले में एक व्यक्ति से करीब डेढ़ लाख रुपए की ठगी हुई थी। उस मामले में पीड़ित द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। तकनीकी अनुसंधान के दौरान घटना में प्रयोग किया गया मोबाइल नंबर राकेश कुमार का पाया गया। उसके बाद शुक्रवार को वलसाड साइबर क्राइम सेल की पुलिस टीम देवघर नगर थाना पहुंची। यहां पहुंचने के बाद देवघर पुलिस के सहयोग से आरोपी को हिरासत में लिया गया।

हिरासत में लिए गए आरोपी ने पुलिस द्वारा पूछताछ के क्रम में बताया है कि उसकी इस घटना में कोई संलिप्तता नहीं है। उसके पड़ोसी के एक रिश्तेदार ने फोन करने की बात कह उसका मोबाइल लिया था। उसी क्रम में उसने उनके फोन से ठगी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस उक्त युवक की भी तलाश कर रही है।


