Deoghar: जिले के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च विद्यालय पंदनिया में पदस्थापित एक शिक्षक की पत्नी ने अपने पति पर दहेज प्रताड़ना और उसकी दो बच्चियों के साथ छेड़खानी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है।
महिला के अनुसार उसकी पहली शादी गिरिडीह जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नवासार निवासी के साथ हुई थी। शादी के बाद उसकी दो लड़की हुई। वर्ष- 2005 में उसके पति की मौत हो गई। पति की मौत के बाद मायके में रहने लगी। पति की मृत्यु के बाद परिवारवालों ने रीति-रिवाजपूर्वक उसकी दूसरी शादी उत्क्रमित उच्च विद्यालय पंदनिया में पदस्थापित शिक्षक के साथ कर दी। वह अपनी दोनों बच्चियों के साथ पति के साथ पंदनिया में भाड़े के मकान में रहने लगी। शादी के करीब 6 माह तक सब कुछ ठीक रहा। उसके बाद पति द्वारा उससे दहेज की राशि की मांग की जाने लगी। दहेज की राशि नहीं मिलने पर शिक्षक द्वारा शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उसी क्रम में 13 अगस्त की रात शिक्षक पति दहेज की राशि मायकेवालों से दिलाने की बात पर मारपीट करने लगा। साथ ही बिजली का करंट लगाने का प्रयास करने लगा। घटना के वक्त चीखने-चिल्लाने लगी तो आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे, लेकिन कमरा अंदर से बंद था। महिला की चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर महिला को बचाया।
पीड़िता का आरोप है कि उसका पति तरह-तरह का शारीरिक दंड देता था। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसकी दोनों बच्चियों ने चौंकाने राज खोला कि उसका पति अपनी ही दोनों मुंहबोली बेटियों के साथ मां को नींद की गोली देकर मध्य रात्रि में छेड़खानी करता था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।