
Ranchi: दो वर्षों के बाद देवघर में श्रावणी मेला (Shravani Mela) लगने जा रहा है। वहीं, कोविड संक्रमण का खतरा भी पूरा तरह टला नहीं है। ऐसे में कोरोना के साये के बीच श्रावणी मेला का आयोजन होगा। कोविड संक्रमण के खतरे की वजह से श्रावणी मेला के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य होगा। बिना मास्क के प्रवेश निषेध होगा। मंदिर में श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षित दूरी बनाये रखने की कोशिश की जाएगी। मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने इससे संबंधित निर्देश दिये हैं।
मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य विभाग, पर्यटन विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, नगर विकास विभाग, पथ निर्माण विभाग व गृह विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर श्रावणी मेला की तैयारियों की समीक्षा की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किये जा रहे कार्यों का जायजा लिया। सड़कों का कालीकरण, कांवरिया पथ पर बालू बिछाने, देवघर में प्रवेश के पथों पर रोड मार्किंग आदि किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
नहीं बरतें कोताही, श्रद्धालुओं के लिए हो दुरुस्त व्यवस्था

मुख्य सचिव ने श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोताही नहीं करने का निर्देश दिया। कांवरियों के रास्ते में जगह-जगह शुद्ध पेयजल व स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रित करने के लिए बनायी गयी योजना की जानकारी ली। सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था करते हुए श्रद्धालुओं की भीड़ अनुशासित रखने का निर्देश दिया। मुख्य सचिव ने किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए भी पूरी तरह से तैयार रहने की जरूरत बतायी।


