
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के जूनपोखर मोहल्ला में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी। मृतका का नाम जूही देवी (24) है। यह घटना मंगलवार की देर शाम की बतायी जाती है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर फांसी लगाकर हत्या कर देने का आरोप लगाया है।

जानकारी मिलते ही देर शाम नगर पुलिस जुनपोखर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया था। बुधवार को मृतका के भाई रिखिया थाना क्षेत्र के महदेवा निवासी दीपक कुमार ने पुलिस को दिये आवदेन में कहा है कि उसकी बहन की हत्या उसके पति प्रिंसिपल मणी और उसका बड़ा भाई प्रिंस उर्फ मंटू एवं उसकी सास ने मिलकर कर दी है।

कहा है कि उसकी बहन की शादी 5 दिसंबर 2016 को हुई थी। शादी के दो वर्ष तक तो सब ठीकठाक चला। लेकिन उसके उपरांत ससुराल के उपरोक्त सभी लोग उसे बांझ कहकर प्रताड़ित करते थे। आवेदन लेकर नगर पुलिस पड़ताल में जुट गयी।


