Deoghar: देवघर जिले की साइबर थाना पुलिस ने अंतरजिला गिरोह के सात साइबर अपराधियों (cyber criminals) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सात में से 6 अपराधियों को देवघर हवाइअड्डा (Deoghar Airport) से पकड़ा गया है जो कोलकाता भागने की फिराक में थे। गिरफ्तार अपराधियों के पास से 50 हजार नगद सहित कई मोबाइल, सिमकार्ड, चार पहिया एवं दो पहिया वाहन बरामद किया गया है।
साइबर थाना में एक प्रेसवर्ता कर डीएसपी सुमित कुमार ने मामले की जानकारी दी। डीएसपी ने बताया कि 6 साइबर अपराधी देवघर हवाई अड्डा पहुंचे थे और कोलकाता जाने वाली फ्लाइट पकड़ने वाले थे। बताया कि एयरपोर्ट पर जांच के क्रम में इनके पास अधिक मोबाइल रहने के कारण सिक्योरिटी को शक हुआ तो इसकी जानकारी उन्हें दिया गया। तुरंत सदलबल पहुंचे और 6 के पास मिले बैग की जांच की गयी। जिसमें कई मोबाइल व सिम बरामद किये गये।
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार जामताड़ा जिला के करमाटाड़ निवासी साइबर अपराधी संजीव कुमार मंडल उर्फ बबलू मंडल करमाटांड़ थाना कांड संख्या 45/15 में जेल भी जा चुका है। वह साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन साईबराबाद कांड संख्या 600/2017, 209/19, 669/20, 648/20, 638/20, 689/20 का वांछित अपराधी है, इसकी तलाश काफी दिनों से साइबराबाद पुलिस कर रही थी। वहीं अभियुक्त दर्वे बुढ़ई निवासी भरत मंडल एवं नरेन्द्र मंडल उर्फ लालू मंडल फरीदाबाद हरियाणा कांड संख्या 256/20 का आरोपी है। बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधी फर्जी बिजली बोर्ड का आधिकारी बनकर ग्राहक को कॉल कर बिजली बिल बकाया संबधित मैसेज भेज कर कनेक्शन काटने दिये जाने की बात करते थे। लोगों को झांसे में लेकर एवं अन्य कई तरीकों से आम सहायता के नाम पर लोगों स्क्रीन शेयरिंग एप्स डाउनलोड कराकर यूपीआई के माध्यम से रूपये की ठगी करने का कार्य करते थे।
ये हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार साइबर अपराधियों में रितेश कुमार मंडल साकिन सुखजोरा थाना सारठ, संजीव कुमार मंडल उर्फ बबलू मंडल, शिवशंकर मंडल दोनों ग्राम देवलबाड़ी थाना करमाटांड़ जिला जामताड़ा, बिट्टू कुमार मंडल ग्राम गौरीपुर थाना कुंडा, भरत कुमार मंडल, नरेन्द्र मंडल उर्फ लालू मंडल, रंजीत मंडल तीनों ग्राम दर्वे थाना बुढ़ई शामिल हैं।
बरामद सामान
गिरफ्तार साइबर अपराधियों के पास से 50 हजार नगद, 20 मोबाइल, 35 सिमकार्ड, चारपहिया 01, दो पहिया 01 वाहन बरामद किया गया है।