
Ranchi: झारखंड राज्य बाल कल्याण परिषद (Jharkhand State Council for Child Welfare) ने बुधवार को राजभवन में राज्यस्तरीय चित्रांकन प्रतियोगिता (State level painting competition in Raj Bhavan) का आयोजन किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेश बैस (Governor Ramesh Bais) ने कहा कि झारखंड के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस उसे निखारने की जरूरत है। इस प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने विजयी प्रतिभागियों सहित सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी।


राज्यपाल ने दिव्यांग बच्चों की कला की सराहना करते हुए कहा कि हर बच्चे में विभिन्न प्रकार की प्रतिभा निहित रहती है, आवश्यकता है उनमें निहित प्रतिभा को निखारने की। उन्होंने कहा कि आज दिव्यांगों के लिए वर्तमान में जो कानून हैं, इस कानून के निर्माण के लिए समिति के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने देश के कई हिस्सों में जाकर दिव्यांगों से मिलकर उनकी व्यथा सुनी। उनमें निहित प्रतिभाओं को देखा। उनको सहायता एवं स्नेह की जरूरत है, जिससे वे और प्रगति कर सकें। इन्हें हर क्षेत्र में आगे ला सकते हैं। इस अवसर पर छात्र वैभव कुमार शर्मा ने राज्यपाल चित्र बनाकर उन्हें भेंट की। राज्यपाल ने छात्र की प्रयास की सराहना की।


राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने कहा कि यह चित्रांकन प्रतियोगिता बच्चों में निहित कला को प्रखर करने का सशक्त माध्यम है। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों के बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही। उन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।

इस राज्यस्तरीय चित्रांकन प्रतियोगिता में राज्य के 18 जिले के कुल 227 बच्चों ने भाग लिया, जिसमें 71 दिव्यांग बच्चों की भागीदारी रही। इन बच्चों को विभिन्न श्रेणी में वर्गीकृत किया गया। राज्यपाल ने सभी श्रेणी के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेता को सम्मान राशि से भी पुरस्कृत किया।


