
Deoghar: एक बार नहीं बल्कि ऐसा कई बार ऐसा हो चूका है कि जरा सा आसमान में बादल छाया नहीं कि देवघर आने वाली फ्लाइट को कभी दिल्ली एयरपोर्ट (Deoghar Airport) पर ही रद्द कर दिए जाने की घोषणा कर दी जा रही तो कभी आधे रास्ते से लौटा वापस दिल्ली पहुंचा दिया जा रहा। अगर यही हाल रहा तो हम कैसे भरोसा कर पाएंगे, कैसे इस रूट पर हवाई सेवा सफल हो सकेगी। क्या हमें सिर्फ खानापूर्ति के लिए देवघर एयरपोर्ट की सौगात दी गयी थी, कभी-कभी तो लगता है जैसे हमें एयरपोर्ट नहीं बल्कि धोखा मिला है। ये कहना है उन यात्रियों का जो एक बार फिर परेशान हुए तब जब दिल्ली से देवघर आने वाली फ्लाइट को खराब मौसम का हवाला देते हुए देवघर रनवे पर लैंडिंग की हरी झंडी नहीं मिली।

गुरुवार को एक बार फिर दिल्ली से देवघर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-7191 (Indigo Flight) को देवघर एयरपोर्ट पर लैंड नहीं किया गया। बल्कि खराब मौसम और कम विज़िबिलिटी का हवाला देते हुए इस फ्लाइट को कलकत्ता डाइवर्ट कर दिया गया। ऐसे में देवघर आ रहे यात्रियों को जहां परेशानी हुई तो वहीं देवघर एयरपोर्ट पर दिल्ली जाने के लिए इस फ्लाइट का इंतजार कर रहे लोगों में गुस्सा फुट पड़ा।

N7 India.Com से बात करते हुए एक यात्री राजेश कुमार ने बताया कि करीब 200 की संख्या में यात्री देवघर एयरपोर्ट पर दिल्ली वाली फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे। जिससे हम सभी दिल्ली को रवाना होते। लेकिन अचानक जानकारी मिली की फ्लाइट नहीं आ रही। उन्होंने बताया कि वो भागलपुर के रहने वाले हैं। देवघर सिर्फ फ्लाइट पकड़ने ही आये थे। 28 अगस्त को भी टिकट थी। उस दिन भी यहां आकर लौट गए क्योंकि फ्लाइट 28 को भी कैंसिल कर दी गयी थी। आज का टिकट लिए आज भी यही हाल रहा। जबकि मौसम भी साफ़ था। राजेश ने सवालिया लहजे में कहा-बताइये क्या हम कभी देवघर एयरपोर्ट पर भरोसा कर पाएंगे। क्यों इतनी दूर से वापस लौटने के लिए यहां आएंगे, पटना, कोलकाता या दुर्गापुर ही बेस्ट ऑप्शन है।
ये तो राजेश की बात थी। लेकिन राजेश जैसे कई हैं जो देवघर एयरपोर्ट पर बार-बार फ्लाइट कैंसिल होने से नाराज हैं। यहां से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के सोशल मीडिया पोस्ट उनकी नाराजगी जाहिर कर रही है। लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि व्यवस्था दुरुस्त की जाये ताकि बारिश में भी फ्लाइट की लैंडिंग यहां रन वे पर हो सके।


