Deoghar: जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के राढ़ीया में जहां एक वोलेनो कार में अचानक आग लग गयी वहीं बजमरुआ के पास एक स्कॉर्पियो वाहन संख्या जेएच 15 वाई 2111 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दोनों घटना का मामला देवघर पुलिस के लिए सुलझाना काफी पेंचीदा हो गया है। इस मामले में देवघर पुलिस के कई पदाधिकारी जांच में जुटे हैं।
पुलिस के लिए उलझन वाला मामला क्यों नहीं हो। दोनों वाहन के मालिक व उसपर सवार लोंगो ने पुलिस को घटना के बाद कोई जानकारी नहीं दी। यही कारण है कि पुलिस को इसे सुलझाना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। एसपी सुभाषचंद्र जाट कहते हैं कि घटना की बावत उन्हें बताया गया कि उन्हें जानकारी मिली है कि जाली कार से शराब माफिया अवैध रूप से तस्करी के लिए बिहार शराब ले जा रहे थे। उसी दौरान कार में आग लग गई ।
कार सवार सभी लोग फरार हो गए। उनका कहना है कि अभी देवघर पुलिस को शराब ले जाने के मामले की कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है। बताया कि इसकी जांच का जिम्मा पुलिस के वरीय पदाधिकारी को दिया गया है।
वाहन से बिहार तो नहीं भेजा जा रहा था शराब?
यह पुलिस के लिए जांच का विषय है कि दोनों वाहन के मालिक देर रात तक पुलिस के सामने नहीं आए हैं। सूत्रों की माने तो उक्त कार से अवैध शराब बिहार ले जाया जा रहा था। कार को स्कॉर्पियो से स्काउट किया जा रहा था। बिहार की सीमा पहुंचते ही वहां की पुलिस को कुछ शक हुआ। सूत्रों की माने तो बिहार की सीमा पर पुलिस को देखते ही दोनों वाहन वापस झारखंड की ओर लौट कर भाग रहा था।
सूत्रों ने बताया कि बिहार पुलिस दोनों वाहनों का कुछ दूर पीछा भी किया लेकिन दोनों वाहन के चालक तेज गति से चलकर झारखंड में प्रवेश कर गए। उसी दौरान एक वाहन में आग लग गई और दूसरा वाहन कुछ दूर जाकर अनियंत्रित होकर पलट गया। सूत्रों की माने तो स्कॉर्पियो में तीन लोग सवार थे जिनके पास आपत्ति जनक समान भी था। वे लोग घायलवस्था में सामान लेकर फरार हो गये।
सूत्रों ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार संदिग्ध लोंगों ने स्कॉर्पियो को सीधा कर बरमजरुआ गांव के बीच लाकर छुपाकर रख दिया। लेकिन पुलिस ने स्कॉर्पियो को ढूंढ निकाला और रिखिया थाना ले आई। पुलिस के लिए यह जांच का विषय है कि आखिर वाहन मालिक उनके सामने क्यों नहीं आये। यह मामला पुलिस के सामने कई सवाल खड़ा कर रहा है।