
Deoghar: गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने एक बार फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को दिल्ली से देवघर लौटे सांसद दुबे ने देवघर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के ओबीसी भागीदारी न्याय सम्मेलन में दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
राहुल गांधी ‘महामूर्ख ‘, कुछ समझ ही नहीं आता: निशिकांत

सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि राहुल गांधी को न तो देश की समझ है और न ही राजनीति की। मैंने अपने जीवन में इतना बड़ा महामूर्ख नेता नहीं देखा। उन्हें खुद अपने परिवार के इतिहास की भी जानकारी नहीं है।

सांसद निशिकांत दुबे ने तंज कसते हुए कहा जो इंसान अपने मां-बाप और पूर्वजों के योगदान को नहीं पहचानता, वह देश और समाज के लिए क्या खाक करेगा? उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक समझ पर भी सवाल उठाए और कहा कि इस तरह के बयानों से कांग्रेस की ओबीसी हितैषी छवि को भी नुकसान हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा था कि उनके पिता राजीव गांधी, दादी इंदिरा गांधी, परनाना जवाहरलाल नेहरू और मां सोनिया गांधी ने कभी पिछड़े वर्गों के लिए कुछ नहीं किया।


