
Deoghar: देवघर साइबर डीएसपी सुमित प्रसाद ने साइबर थाने में एक सनहा दर्ज किया है। बताया जाता है कि उनके नाम, फोटो व अन्य जानकारी को लेकर प्रोफाइल बनाकर उसका इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। साइबर ठगों ने उनका नाम बदलकर एसपी राम पांडेय कर दिया है।

बताया जा रहा कि साइबर ठग डीएसपी के नाम पर कॉल करते हैं। फिर अपने आपको एसपी राम पांडेय बता कर सामने वाले का न्यूड वीडियो व फोटो ले लेते हैं। फिर सेक्सटार्शन के नाम पर उन्हें ठगी का शिकार बनाते हैं।

जानकारी हो कि डीएसपी सुमित प्रसाद लोगों को साइबर ठगी के बारे में अगाह करने के लिए अपना एक यू टयूब चैनल चलाते हैं। ये काफी लोकप्रिय चैनल है। इससे करीब सात लाख लोग जुड़े हैं। इस लोकप्रियता का अब साइबर ठग इस्तेमाल कर रहे हैं। यहां तक कि डीएसपी का फोटो क्रॉप कर उसका भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे लोगों को वाट्सअप पर मैसेज भी भेजा जाता है। इस बारे में जानकारी मिलते ही डीएसपी ने सनहा दर्ज कराया है। मामले की जांच भी शुरू हो गई है।
बताया जाता है कि ये खेल राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा व दिल्ली में बैठे साइबर ठग खेल रहे हैं। डीएसपी ने बताया कि पहले भी उनके चैनल व नाम का गलत इस्तेमाल किया गया था। उस वक्त उनकी शिकायत पर राजस्थान की अलवर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 लोगों को गिरफ्तार किया था। इस बार भी ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी सुमित प्रसाद ने बताया कि जांच के बाद जिन साइबर ठगों का नाम सामने आएगा उनके खिलाफ संबंधित राज्य में एसपी के माध्यम से शिकायत कर कार्रवाई की जाएगी।



