
Deoghar: 12 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के देवघर आगमन को लेकर पुरे इलाके में उत्साह है। सिर्फ देवघर ही नहीं पुरे संथाल परगना वासी अपने देश के प्रधानमंत्री को नजदीक से देखने को ललाहित हैं। नरेंद्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री होंगे जो बाबा बैद्यनाथ मंदिर (Baba Baidyanath Temple) जाएंगे। कई लोगों का कहना है कि पीएम के बाबा मंदिर जाते ही पुरे इलाके की तस्वीर आने वाले दिनों में बदल जाएगी। ये चर्चा सुन बाबा मंदिर के आसपास के लोग रोजी-रोटी को लेकर असमंजस में हैं। हालांकि सांसद निशिकांत ने उनकी इस दुविधा को दूर कर दिया है।

दरअसल, पीएम के बाबा बैद्यनाथ मंदिर आते ही बाबा मंदिर के इलाके को आने वाले दिनों में काशी विश्वनाथ के तर्ज पर बदलने के चर्चे जोरों पर हैं। ऐसे में उस इलाके के लोग पीएम के आगमन से तो खुश हैं लेकिन घर व दुकान उजड़ने का खौफ भी सता रहा है। जिसपर स्थानीय सांसद ने बयान जारी कर लोगों के इस डर को दूर कर दिया है और चल रहे अफवाहों पर ब्रेक लगा दिया है।

सांसद निशिकांत ने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट के जरिये लोगों को बताया है कि प्रधानमंत्री केवल बाबा बैद्यनाथ का दर्शन व आशीर्वाद लेंगे। उन्होंने साफ़ कहा है कि देवघर में मंदिर के आसपास के लोगों की आजीविका उनके घर व दुकानों से चलती है, काशी विश्वनाथ की तरह देवघर का बाबा बैद्यनाथ का क्षेत्र नहीं बनेगा।
साथ ही उन्होंने वैसे लोगों से उत्साहित होकर बयानबाज़ी व डिमांड से परहेज़ करने की अपील की है जो इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं । निशिकांत दुबे ने सभी से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सहभागी बनने की प्रार्थना की है।

बता दें कि 12 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। एयरपोर्ट के बाद पीएम मोदी बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना के बाद देवघर कॉलेज में विशाल जनसभा को सम्बोधित करेंगे।


