Deoghar: कोरोना ब्रेक के दो साल बाद बाबा नगरी देवघर (Baba Nagari Deoghar) सावन में एक बार फिर से गुलजार होगा। 14 जुलाई से 12 अगस्त तक बिहार के सुल्तानगंज से गंगाजल उठाकर श्रद्धालु देवघर तक 112 KM की दूरी पैदल तय करेंगे। पूरी बाबानगरी बोल-बम का जयघोष से गूंजेगी।
श्रावणी मेला, 2022 (Shravani Mela 2022) में उमड़ने वाली संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए देवघर जिला प्रशासन तैयारी में जुटा है। जिसको लेकर कई अहम बदलाव किए गए हैं।
किए गए हैं ये अहम बदलाव
- शीघ्रदर्शनम के एंट्री स्थल को चौड़ा कर मेट्रो की तर्ज पर यहां 8 गेट बनाए गए हैं। यहां एंट्री के लिए मंदिर परिसर के पास ही 500 रुपए का टोकन लेना होगा। उसके बाद इस गेट से एंट्री हो सकेगी। इसके अलावा सामान्य श्रद्धालुओं की अलग लाइन होगी।
- बाबा मंदिर में इस बार अस्थायी अस्पताल के साथ पहली बार ट्रॉमा सेंटर बनाया गया है। यहां एक्सपर्ट डॉक्टर की टीम रहेगी।
- पूरे मंदिर परिसर पर नजर रखने के लिए पहली बार इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल सेंटर बनाया जा रहा है। यहां से 500 कैमरे के माध्यम से पूरे शहर पर नजर रखी जाएगी। यहां से भी बाबा के दर्शन कराए जाएंगे।
- साथ ही इस बार मंदिर परिसर मे श्रद्धालुओं के लिए फ्री वाई-फाई (free wi-fi) की व्यवस्था भी कराई गई है।
- भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बाबा मंदिर से 5 किलोमीटर दूर खिजुरिया में होल्डिंग पाइंट बनाया गया है। यहां 10 हजार लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।
- शिवगंगा पर 150 किलो का त्रिशूल लगाया जाएगा, इसे सेल्फी पाइंट (selfie point) भी बनाया गया है।