RANCHI: राज्यपाल रमेश बैस (Governor Ramesh Bais) देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री (Deoghar DC Manjunath Bhajantri) से नाराज हैंI देवघर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री राजभवन के अधिकारियों का फोन नहीं उठाते। राज्यपाल रमेश बैस इससे काफी नाराज बताए जाते हैं। उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए इसकी शिकायत मुख्य सचिव सुखदेव सिंह से भी की है। राज्यपाल उपायुक्त के विरुद्ध कार्रवाई का भी आदेश जारी कर सकते हैं।
दरअसल, राज्यपाल रमेश बैस के पिछले दिनों देवघर के दौरे के पहले राजभवन के वरीय अधिकारियों ने कई बार फोन कर देवघर के डीसी मंजूनाथ भजंत्री से संपर्क करने की कोशिश की। देवघर के उपायुक्त ने अधिकारियों का फोन ही नहीं उठाया।
बताया जाता है कि राज्यपाल के एडीसी के साथ-साथ उनके प्रधान सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने भी उन्हें कई बार फोन कर संपर्क करने की कोशिश की। उपायुक्त द्वारा फोन नहीं उठाने पर राज्यपाल ने राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह से बात की और इसे लेकर नाराजगी प्रकट की।
तब मुख्य सचिव ने डीसी से फोन नहीं उठाने का कारण पूछा, साथ ही तुरंत राजभवन के अधिकारियों से बात करने का निर्देश दिया। इसके बाद डीसी ने राज्यपाल के प्रधान सचिव से फोन पर बात की।
राज्यपाल डीसी के इस व्यवहार से काफी दुखी हैं। राज्यपाल अपने परिवार के साथ देवघर पूजा-अर्चना करने गये थे।