Deoghar: गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे (Godda MP Dr. Nishikant Dubey) ने शुक्रवार को सनसनीखेज खुलासा करते हुए हेमंत सोरेन (Hemant Soren) पर जोरदार हमला बोला है। सांसद ने कहा है कि, जिस आरोपी ने साल 2018 में उन्हें जान से मारने की सुपारी दी थी, सरकार ने उसी आरोपी को हथियार का लाइसेंस देकर बब्बर शेर बनाने की नाकाम कोशिश की। अब हेमंत सोरेन का वही प्यादा दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में है और अपने किए गुनाहों का हिसाब दे रहा है।
विष्णुकांत झा ने दी थी सुपारी: निशिकांत
इस बावत अधिक जानकारी देते हुए डॉ दुबे ने बताया है कि, आरोपी विष्णुकांत झा ने साल 2018 में उन्हें और अनंत ओझा को फोन कर रंगदारी मांगी थी और जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके लिए उसने बकायदा एक सुपारी किलर को भी हायर किया था। लेकिन, वक्त रहते उसकी साज़िश का पर्दाफाश हो गया और किराए का वह गुर्गे पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने यह दावा किया है कि पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद उसी सुपारी किलर ने विष्णुकांत को साज़िश का सूत्रधार बताया है। ऐसे में राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा विष्णुकांत को हथियार का लाइसेंस देने के पीछे का मकसद समझने वाली बात है।
आपको बता दें कि, बीते दिनों दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने विष्णुकांत झा को देवघर से गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस में स्पेशल सेल के अधिकारी ने बतलाया कि, जिस वक्त टीम उसे इंटरसेप्ट किया था उसवक्त उसने पुलिस के ऊपर भी पिस्टल तान दी थी। फ़िलहाल सांसद ने सूबे के सीएम पर जो आरोप लगाए हैं वह बेहद गम्भीर हैं।