
Deoghar: बुधवार को देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री (Deoghar DC Manjunath Bhajantri) द्वारा देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) में पूर्ण हो चुके विभिन्न कार्यो के अलावा शेष बचे कार्यों की वास्तुस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एयरपोर्ट सम्पर्क पथ के चल रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता को निदेशित करते हुए कहा कि सम्पर्क पथ के चल रहे कार्यो को एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों से आपसी समन्वय स्थापित करते हुए 10 दिन के अंदर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करते हुए उपायुक्त कार्यालय को अवगत कराए। साथ हीं एयरपोर्ट परिसर के पिछले हिस्से में जल जमाव की समस्या को लेकर किए जा रहे कार्यों को जल्द से जल्द इसका पूर्ण करने का निदेश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने एयरपोर्ट परिसर स्थित टर्मिनल बिल्डिंग के अंदर यात्रियों को दी जाने वाली विभिन्न सुविधा एवं पूर्ण हो चुके कार्यों के अलावा एटीसी टॉवर के पूर्ण हो चुके कार्यों की वस्तुस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से अग्निशमन को लेकर की तैयारियों, विशेष अग्निशमन वाहन, आधुनिक एम्बुलेंस की सुविधा के अलावा इसके संचालन को लेकर प्रतिनियुक्त टीम से मुलाकात कर उनके द्वारा किए जाने वाले विभिन्न कार्यो से अवगत हुए।
एयरपोर्ट परिसर कार्यालय में हुई बैठक


इसके अलावे उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने देवघर एयरपोर्ट परिसर कार्यालय में बैठक कर देवघर हवाईअड्डा से कनेक्टिंग फ्लाइट, टैक्सी ट्रैक, इंटरनेशनल ऑपरेशन्स, एटीसी कम फायर स्टेशन बिल्डिंग आदि के साथ पूर्ण हो चुके विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया। समीक्षा बैठक के क्रम में उपायुक्त ने पूर्व में दिये गये निर्देंशों के आलोक में पूर्ण हो चुके कार्यों के अलावा चल रहे कार्यों की बिन्दुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की गति पर संतोष जाहिर करते हुए सभी का आभार प्रकट किया।

इस दौरान उपरोक्त के अलावे उप विकास आयुक्त डॉ कुमार ताराचंद, नगर आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल, एयरपोर्ट अथॉरिटी के डायरेक्टर संदीप ढिंगरा, संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता, एयरपोर्ट अथॉरिटी के विभिन्न विभागों के अधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।


