
Deoghar: देवघर जिले के पथरड्डा ओपी थाना क्षेत्र में दर्दनाक घटना घटी। यहां के करैहिया (शाही टोला) निवासी 45 वर्षीय दिलीप सिंह और उसकी पत्नी मुन्नी देवी ने कुएँ में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

घटना रविवार रात की है। घटना के सम्बंध में ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर आपसी कलह होते रहता था। रविवार को भी घर बनाने में सीमेंट खत्म हो जाने व मजदूरों को पैसा देने को लेकर दोनों के बीच कहा सुनी हुई थी। दोनों के बीच झंझट इतना बढ़ गया कि पत्नी ने गुस्से में घर से निकलकर लगभग आधा किलोमीटर दूर बहियार में स्थित सिंचाई कूप में जाकर कूद गई। इसी बीच किसी ने दिलीप को बताया कि उनकी पत्नी बहियार के कुँए की तरफ गई है। जिसके बाद पति भी पीछे से जाकर देखा तो कुँए के पास उसका चप्पल पड़ा था। फिर पत्नी को बचाने के लिए पति भी कुँए में कूद गया। दोनों की कुंए में डूबने से मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे और दोनों की लाश को कुएं में तैरता देख घटना की जानकारी पथरड्डा पुलिस को दिया। फिर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों दम्पति के शव को कुँए से बाहर निकाला।
पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया है। इधर, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दम्पति अपने पीछे दो पुत्र 15 वर्षीय भूपेन सिंह व 13 वर्षीय रंधीर सिंह को छोड़ गया है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह समेत दर्जनों ग्रामीण पहुंच कर घटना के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हर सम्भव सहयोग करने का आश्वाशन दिया।


