
Deoghar: जिले के तीन अलग-अलग स्थानों पर ऑटो पलटने से सात लोग घायल हो गए। जिन्हे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां सभी घायलों का इलाज जारी है।

पहली घटना जसीडीह-चकाई मुख्यमार्ग स्थित डिगरिया पहाड़ की है। जहां चकाई की ओर से देवघर आ रही एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गयी। इस घटना में चंन्द्रमंडी निवासी दामोदर प्रसाद यादव, टेकचन यादव और हलदेव यादव घायल हो गये। तीनों मजदूरी करने के लिये ऑटो से देवघर आ रहे थे। सभी को जसीडीह थाना पुलिस ने वाहन से इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां तीनों का इलाज जारी है।

दूसरी घटना मोहनपुर थाना क्षेत्र के बुढ़वाकुरा पास की है। जहां साहिबगंज पीरपैंती से एक परिवार ऑटो पर सवार होकर बाबाधाम बच्चे का मुंडन कराने आ रहा था। बुढवाकुरा के पास ऑटो चालक को झपकी आ गयी। जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गयी। इस घटना में प्रीतम मंडल, पूनम देवी और चार वर्षीय लेमनचुस कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये। सभी को मोहनपुर पुलिस ने ऐंबुलेेंंस की मदद से इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया।
तीसरी घटना रिखिया थाना क्षेत्र के बजमरूआ के पास घटी। यहां भी अनियंत्रित होकर एक ऑटो पलट गयी। घटना में ऑटो सवार रढ़िया निवासी खुबी यादव गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि अन्य लोगों को हलकी चोटें आई हैं। घायल खुबी को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि सभी ऑटो पर सवार होकर रिखिया हाट जा रहे थे उसी दौरान यह घटना घटी।


