
Deoghar: झारखंड सरकार के उत्पाद विभाग की ओर से शराब बेचने के लिए की बहाली निकाली गयी है। देवघर के उत्पाद विभाग कार्यालय के बाहर इस नौकरी को पाने के लिए युवक-युवतियों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसमें अप्लाई करने वाले कैंडिडेट का इंटर पास और ग्रेजुएट होना अनिवार्य था। इस नियुक्ति में कई ऐसे युवकों ने हिस्सा लिया जो पोस्ट ग्रेजुएट हैं। कई कैंडिडेट तो डिप्लोमा की डिग्री लिए हैं तो कोई इंटर की पढ़ाई कर रहा है।

इंटरव्यू में शामिल होने दर्जनों युवक-युवती पहुंचे। शराब दुकान में दुकान प्रभारी और सहायक प्रभारी पद के लिए उत्पाद विभाग ने इंटरव्यू लिया। इंटरव्यू देने आये बेरोजगार युवक-युवतियों का कहना है कि वैकेंसी ना राज्य सरकार दे रही है और ना ही केंद्र सरकार। हमलोग पढ़ लिख कर दर दर की ठोकरें खा रहे हैं। कहीं भी वैकेंसी नहीं है। बेरोजगार बैठे हुए हैं। ऐसे में अगर शराब बेचने का भी काम मिलता है, तो हम कर लेंगे।

उत्पाद विभाग अधीक्षक कमल नयन सिन्हा ने बताया कि 01 मई से नई शराब नीति लागू की जाएगी। इसके तहत जिले के कुल 90 शराब दुकान चलाने के लिए दुकान प्रभारी और सहायक प्रभारी की नियुक्ति की जा रही है। इस पद के लिए कुल 580 युवक और 10 युवतियों को चयनित किया गया है।
बता दें कि झारखंड सरकार ने 01 मई से निगम के माध्यम से पूरे राज्य में शराब बेचने का ठेका एक कंपनी को दिया है। जिसके बाद अब शराब बेचने के लिए विभाग की ओर से बहाली निकाली गयी है।


