Dumka: दुमका जिले के जरमुंडी प्रखंड की प्रमुख पिंकी सोरेन ने जरमुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू पर आरोप लगाते हुए कहा कि BDO अपने कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं। निचले स्तर के कर्मचारी पर लगाम नहीं लगा पा रहे हैं। जिसके फलस्वरूप पंचायत क्षेत्र में योजनाएं लोगों तक नहीं पहुंच पा रही है।
प्रमुख ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में मनरेगा जैसे कार्यों में मजदूर से नहीं बल्कि जेसीबी से कार्य कर रुपए की निकासी कर ली जा रही है। जिसकी जांच के लिए प्रखंड प्रमुख ने भ्रमण कार्यक्रम रखा था लेकिन सूचना के बावजूद भी पंचायत भवन में ना तो मुखिया, पंचायत सचिव ,ना रोजगार सेवक मौजूद थे।
प्रखंड प्रमुख ने प्रखंड विकास पदाधिकारी पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी ने मनरेगा कार्य में लगे जेसीबी को रंगे हाथ पकड़ा था। कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति करते हुए पुनः उस योजना को शुरू करने का भी आदेश दे दिया। जो की योजना अब पूरा होने वाला है। प्रमुख का आरोप है कि बीडीओ अपने कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं। वो प्रखंड की जिम्मेदारी उठाने में असक्षम हैं।
प्रखंड प्रमुख ने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी के ढुलमुल रवैए को लेकर जिले के उपायुक्त से लेकर मंत्री को इसकी शिकायत करेंगे। उन्होंने सूबे के मुख्यमंत्री से मांग की है कि बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई की जाये या उन्हें प्रखंड से हटाया जाये।
हालाँकि, इसको लेकर जब प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू से सवाल किया गया तो उन्होंने इस पर कोई भी प्रतिक्रिया देने से साफ मना कर दिया।