Ranchi: झारखंड के जामताड़ा से कांग्रेस (Congress MLA From Jamtara) विधायक डॉ. इरफान अंसारी विवादित बयानों से हमेशा चर्चा में रहते थे। एक फिर बयान से विवादों में घिर गए हैं। इस बार उन्होंने कहा है कि जामताड़ा की सड़कें फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के गाल से भी ज्यादा चिकनी होंगी। हालांकि, बाद में उन्होंने बताया कि मेरी जुबान फिसल जाने से ऐसा बोल दिया था।
भाजपा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कांग्रेस को विवादित बयान पर माफी मांगने की बात कही है। भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस के नेता महिलाओं के प्रति ओछी सोच और घटिया मानसिकता के लिए लंबे समय से जाने जाते रहे हैं। यह इनकी और इनकी पार्टी की घटिया मानसिक सोच को दिखाता है। कांग्रेस को सार्वजनिक रूप से इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
इधर, कांग्रेस विधायक के इस बयान के बाद एक ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें बताया जा रहा है कि कथित तौर पर भाजपा के एक नेता इरफान अंसारी को उनकी पत्नी की गाल की तरह चिकनी सड़क बनाने की सलाह दे रहे हैं। इस पर कांग्रेस विधायक भी हां में हां मिलाते सुनाई दे रहे हैं।
योग शिक्षिका के कपड़े पर दिया था विवादित बयान
अंसारी इससे पहले भी लड़कियों पर विवादित बयान दे चुके हैं। अगस्त 2020 में उन्होंने रांची की योग शिक्षिका और भाजपा नेता राफिया नाज के विरुद्ध विवादित बयान दिया था। योग शिक्षिका पर योग के दौरान पहने जाने वाले कपड़े को इस्लाम के खिलाफ बताया था। उन्होंने कहा था कि राफिया योग के बदले अंग प्रदर्शन करती है। इस बयान के बादर विधायक पर महिलाओं को अपमानित करने का आरोप भी लगा था। इसके बाद राफिया ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
प्रधानमंत्री को पाकिस्तान चले जाना चाहिए
पंजाब में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा में चूक मामले पर उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री को हिंदुस्तान में डर लग रहा है, तो पाकिस्तान चले जाना चाहिए। पाकिस्तान में वह सुरक्षित रह पाएंगे तो मैं उनको पाकिस्तान जाने के लिए टिकट दूंगा।
झारखंड में रहना है तो जय जोहार कहना होगा
इससे पहले 16 दिसंबर को झारखंड विधानसभा के शीत कालीन सत्र के दौरान उन्होंने विवादित बयान दिया था। उन्होंने भाजपा के लिए कहा था कि अगर झारखंड में रहना है तो जय जोहार कहना होगा। शुरुआत भी जय जोहार से और अंत भी जय जोहार से करना होगा। ऐसा नहीं करने वाले को झारखंड से भागना होगा।
गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे पर भी हमेशा अमर्यादित टिपण्णी
इतना ही नहीं गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे पर भी वे हमेशा अमर्यादित टिपण्णी करते रहे है. इरफ़ान अंसारी कई मौके पर निशिकांत दुबे को बाहरी बोलते रहे है. इतना ही नहीं एक बात तो इरफ़ान ने MP निशिकांत को मालगाड़ी में बैठा कर भागलपुर भेज देने जैसी बात कह डाली थी.
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को विधायक ने कहा था कि जामताड़ा में 15 ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराया जाएगा, जो फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के गाल जैसी चिकनी होगी। ऐसी सड़कें बनेंगी, जिसमें लोगों को ना धूल फांकनी पड़ेगी और ना ही गड्ढे का सामना करना पड़ेगा। कंगना के गाल जैसी चिकनी सड़कों का उपयोग आदिवासी समुदाय के बच्चे और राज्य के युवा करेंगे। ऐसी 14 विश्व स्तरीय सड़कों का निर्माण जल्द शुरू होगा।