
Deoghar: श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रांगण स्थित सुविधा केंद्र में शीघ्रदर्शनम पास का काउंटर खोल दिया गया है। जिससे श्रद्धालुओं और आम लोगों में खुशी का माहौल है।

जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से बैद्यनाथ मंदिर में बाबा के दर्शन के लिए शीघ्रदर्शनम की व्यवस्था फिर से शुरू कर दी गयी है। मंदिर प्रभारी प्रशिक्षु आइएएस अनिकेत सचान सुविधा केंद्र पहुंचे और शीघ्र दर्शनम काउंटर का जायजा लिया।

प्रशिक्षु आइएएस ने बताया कि शीघ्र दर्शनम में वैसे श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध होगी जो सीमित समय के लिए बाबाधाम आते हैं। श्रद्धालु ढाई सौ रुपए का पास लेकर प्रशासनिक भवन स्थित शीघ्रदर्शनम मार्ग होते हुए बाबा मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए रसीद लेकर जा सकते हैं। यह सुविधा सुबह छह बजे से लेकर मंदिर के पट बंद होने तक सुचारू रूप से चलता रहेगा।
बता दें कि कोरोना काल में शीघ्र दर्शनम बंद कर दिया गया था। उसके बाद अब इसे पुनः शुरू कर दिया गया है। दो पालियों में शीघ्र दर्शनम काउंटर पर कर्मी की प्रतिनियुक्ति की गयी है।


