
रांची: झारखंड के मंत्री भी सोशल मीडिया की भ्रामक सूचना में गलती कर बैठे। अल्पसंख्यक कल्याण व पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग मंत्री हफीजुल हसन ने पहले पूर्व PM डॉ. मनमोहन सिंह को मृत बता उन्हें श्रद्धांजलि भी दे दी। इतना ही नहीं एक कार्यक्रम में उनके लिए एक मिनट का मौन भी रखवा दिया। इसके बाद जब उन्हें सच्चाई की जानकारी हुई तो उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी इस गलती के लिए माफी मांगी।

मंत्री हफीजुल ने एक कार्यक्रम में कहा- ‘एक और दुख की खबर है। हिन्दुस्तान के अर्थशास्त्री पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन हो गया। हिन्दुस्तान की तरक्की में 50 प्रतिशत उनका हाथ है। मनमोहन सिंह जिन्होंने 50 साल तक आगे ले गए, मोदी आज उसी हिन्दुस्तान को 50 साल पीछे ले जा रहे हैं। उनके लिए एक मिनट का मौन रखते हैं।’

कार्यक्रम के बाद जब मंत्री जी को अपनी गलती का अहसास हुआ तो उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा- ‘कल भूलवश मैंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के संबंध में एक संक्षिप्त भाषण में जो कहा है दरअसल यह सोशल मीडिया पर चलाये जा रहे भ्रामक खबरों की वजह से हुआ है। इस संबंध में मैंने जो भाषण में कहा है उसके लिए मैं दिल से क्षमा प्रार्थी हूं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ करता हूं।’
BJP ने साधा निशाना
इस घटना के बाद BJP ने मंत्री हफीजुल पर जमकर निशाना साधा। BJP के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने मंत्री पर निशाना साधा। वहीं, पूर्व CM रघुवर दास ने कहा कि जैसा राजा वैसा मंत्री! हेमंत सरकार के मंत्री हफीजुल हसन मात्र कुछ तालियों और मोदी विरोध के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन जी का स्वर्गवास करवा दिया। एक ओर भारत सरकार उनका बेहतर इलाज करवा रही है, दूसरी ओर झारखंड के मंत्री उनको श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।


