
Deoghar: वैश्विक महामारी के बीच पांच महीने के लंबे इंतजार और तमाम सियासी दांव-पेंच के बीच जब बाबा मंदिर का द्वार आम भक्तों के लिए खोला गया तब, लोगों ने राहत की सांस ली थी लेकिन, आसमानी आफत ने एक बार फिर बाबा मंदिर में दर्शन के लिये आने वाले भक्तों पर ब्रेक लगा दिया है।

बताया जा रहा है कि, बीते दिन राजधानी रांची के आस-पास हुई जोरदार थंडरिंग के कारण रांची स्थित राज्य स्तरीय एनआईसी के नेटवर्क सेंटर ने कार्य करना बंद कर दिया है, जिसके कारण बाबा बैद्यनाथ मंदिर के दर्शन के लिए बनाए गए वेबसाइट http://jharkhanddarshan.nic.in ने भी कार्य करना बंद कर दिया है।

लिहाजा, बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के लिए ई-पास जारी नहीं हो पा रहे हैं। वहीं अब राज्य स्तर से इंजीनियर्स की टीम के द्वारा सर्वर को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में जबतक सर्वर को दुरुस्त नहीं कर लिया जाता देवघर के बाबा मंदिर में ई पास के ज़रिए प्रवेश पर पाबंदी रहेगी।
आपको बता दें कि, आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी निर्देश के मुताविक, सिर्फ e-pass के माध्यम से ही बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन सुलभ है, साथ ही एक घँटे में सिर्फ सौ लोगों के लिए ही पास भी निर्गत किए जाने की व्यवस्था की गई है।



