Deoghar: देवघर शहर में इन दिनों छिनतई की घटना बढ़ गयी है। सरेराह बेखौफ बदमाश लूट व छिनतई की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। टॉवर चौक के पास ईंट व्यवसायी से एक लाख की छिनतई हुए 24 घंटे भी न बीते और बदमाशों ने प्राइवेट बस स्टैंड के पास एक मजदूर को अपना निशाना बना लिया।
घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे की है। देवघर नगर थाना क्षेत्र के प्राइवेट बस स्टैंड के पास एक मजदूर की जेब से बदमाशों ने जबरन पांच हजार नगद छीन लिए और फरार हो गए। जानकारी के अनुसार दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के चोराजोर निवासी रोहित साव देवघर में एक पुल निर्माण कंपनी में मजदूरी करता है। रोहित सुबह घर जाने के लिए बस पकड़ने प्राइवेट बस स्टैंड आया था। उसे उसके एक साथी ने पांच हजार रुपया दिया था जिसे उसके घर में दे देने को कहा था।
मजदूर ने बताया कि वो किनारे जाकर लघुशंका कर रहा था। इसी बीच तीन युवकों ने उसे वहां पर घेर लिया। इससे पहले की वह कुछ समझ पाता उसकी जेब से पांच हजार निकाल कर तीनों फरार हो गए। जिन्हे भगाने में एक अन्य युवक ने मदद की।
रोहित ने नगर थाने में शिकायत की है। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और छानबीन कर रही है।