
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के टावर चौक के नजदीक पेट्रोल पंप के पास ईंट व्यवसायी से एक लाख रुपये नगद छिनतई का मामला प्रकाश में आया है। बैजनाथपुर रामपुर के रहनेवाले राजेश कुमार यादव ने एक लाख रुपये सहित मोबाइल की छिनतई की शिकायत थाने में कर कार्रवाई की मांग की है।

राजेश के अनुसार वह ईंट भट्टा का व्यापार करता है, बैंक लोन का किश्त भरने के लिये वो एचडीएफसी बैंक गया था। जहां एक अजनबी उसके पास आया और कहने लगा कि आपका बाइक पुलिस उठाकर ले जा रही है।बाइक देखने के लिए वह दौड़ा और नगर थाने पहुंचा। लेकिन, वहां उसकी बाइक नहीं थी। जब वो वापस बैंक लौटने लगा तभी पेट्रोल पंप के पास बाइक पर सवार दो युवकों ने पिस्तौल दिखाकर उससे एक लाख नगद और एक मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए।

मामले की लिखित शिकायत नगर थाना में दी गयी है। हालांकि नगर थाना की पुलिस ने प्रारंभिक जांच में मामले की पुष्टि नहीं होने की बात कही है।
नगर थाना प्रभारी रतन सिंह ने कहा कि शिकायत के बाद मामले की पड़ताल की जा रही है।


