Deoghar: झारखण्ड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता (Health Minister Banna Gupta) ने देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) के एप्रोच सड़क निर्माण में पैदा की गयी अड़चन पर देवघर डीसी (Deoghar DC) मंजूनाथ भजंत्री से सवालिए लहज़े में कहा कि क्या एप्रोच सड़क से सिर्फ सांसद निशिकांत दुबे ही जहाज पकड़ने जाएंगे। उन्होंने कहा कि आपको अगर कोई परेशानी है तो मुझसे या मुख्यमंत्री से बात करनी चाहिए। मौका था देवघर सदर अस्पताल में सिटी स्कैन मशीन (CT scan machine) के उद्घाटन का।
दरअसल, देवघर सदर अस्पताल (Deoghar Sadar Hospital) में शनिवार को सिटी स्कैन मशीन का सूबे के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के द्वारा उद्घाटन किया गया। ऑनलाइन संपन्न हुए इस कार्यक्रम में मंत्री बादल पत्रलेख, मंत्री हफीजुल हसन, सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, विधायक नारायण दास व रणधीर सिंह प्रमुख रूप से जुड़े थे। एक तो कार्यक्रम तय समय से शुरू नहीं हुआ और जब शुरू हुआ तो बात हुई कि सिर्फ दोनों मंत्री ही बोलेंगे। इसपर गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। तब जाकर तय हुआ कि सभी को बोलने का मौका मिलेगा।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में नहीं होनी चाहिए राजनीति: निशिकांत
उद्घाटन सत्र के दौरान डॉ. निशिकांत दुबे ने देवघर सदर अस्पताल को मिले सिटी स्कैन मशीन के लिए Health Minister बन्ना गुप्ता को बधाई दी। साथ ही निशिकांत दुबे ने बन्ना गुप्ता से कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बन्ना गुप्ता को कहा कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय पार्टी है जिसका भाजपा के तरह ही देशव्यापी सोच है। जबकि झारखण्ड मुक्ति मोर्चा क्षेत्रीय दल है जिसकी सोच संकुचित राजनीति की है।
देवघर सदर अस्पताल को क्यों नहीं मिला जिला अस्पताल का दर्जा?
सांसद ने स्वास्थ्य मंत्री के सामने सवाल उठाया कि आजतक देवघर सदर अस्पताल को जिला अस्पताल का दर्जा क्यों नहीं मिला। जबकि बाबा बैद्यनाथ की इस नगरी में देश-विदेश से सालों लगभग पांच करोड़ लोग आते हैं। साथ ही निशिकांत दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हेल्थ इमरजेंसी फंड में 23 हज़ार करोड़ उपलब्ध कराया है। लेकिन कोरोना के संभावित तीसरे लहर को ध्यान में रखते हुए बच्चों के इलाज के लिए कोई भी अलग से व्यवस्था अभी तक मुकम्मल नहीं की गयी है।
एयरपोर्ट के एप्रोच सड़क निर्माण कार्य में डीसी लगा रहे अड़ंगा: निशिकांत
डॉ. निशिकांत दुबे ने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से कहा कि इस उद्घाटन कार्यक्रम में 50 लोग से ज्यादा मौजूद हैं लेकिन AIIMS OPD का उद्घाटन सिर्फ इसलिए नहीं होने दिया गया क्योंकि वहां उन्हें मौजूद रहना था। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि अभी देवघर में किसी को एयर एम्बुलेंस की जरूरत पड़ जाए तो वो एयरपोर्ट तक इसलिए नहीं जा सकता है क्योंकि इसके लिए एप्रोच सड़क नहीं है। जिसके निर्माण कार्य में देवघर डीसी द्वारा सत्ता के इशारे पर अड़ंगा लगाया जा रहा है।
क्या सिर्फ निशिकांत दुबे एप्रोच सड़क से एयरपोर्ट तक जाएंगे: मंत्री बन्ना गुप्ता
सांसद की इस बात पर स्वास्थ्य मंत्री ने देवघर डीसी से सवाल किया कि क्या सिर्फ निशिकांत दुबे ही एप्रोच सड़क से हवाई जहाज पकड़ने देवघर एयरपोर्ट तक जाएंगे। उन्होंने डीसी को साफ़ निर्देश दिया कि अगर जनकल्याणकारी योजना में परेशानी आती है तो मुझसे बात करें या मुख्यमंत्री से मिलें।
मंत्री ने साफ़ लहज़े में मौजूद प्रशासनिक व स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि स्वास्थ्य सुविधा को लेकर राज्य सरकार गंभीर है। इसमें किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।