रांची: झारखंड में वैक्सीन(Vaccine) की कमी है। इस वजह से टीकाकरण का काम सुचारू रूप से नहीं चल पा रहा है। वैक्सीन की मांग को लेकर राज्य सरकार लगातार केंद्र सरकार को पत्र भेज रही है लेकिन अभी तक झारखंड को वैक्सीन नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार 15 जुलाई तक झारखंड को तीन लाख से ज्यादा डोज मिलने की संभावना है। वैक्सीन नहीं होने की वजह से रांची जिले के अधिकतर वैक्सीनेशन सेंटर गुरुवार को बंद रहे। वैक्सीनेशन सेंटर बंद होने की वजह से लोगों में काफी निराशा देखी गई।
इस संबंध में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा है कि हमने केंद्र सरकार से वैक्सीन की मांग की है। हमारे पास सिर्फ 47 हजार वैक्सीन बची है। उन्होंने कहा कि हम वैक्सीन बना नहीं सकते। हम केंद्र सरकार पर निर्भर हैं। वैक्सीन की मांग को लेकर केंद्र सरकार को पत्र लिखा गया है।
इस बाबत स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार से लगातार वैक्सीन के लिए आग्रह कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि जल्द ही केंद्र सरकार से हमें वैक्सीन मिल जाएगा।