रांची: चुटिया थाना क्षेत्र में सेरसा स्टेडियम के ठीक सामने अधिकारियों के लिए बने अतिथि गृह में मुख्य सर्तकता पदाधिकारी सह ओएसडी मो. साकिब रहते हैं। उनके घर में रहने वाली एक 14 साल की नाबालिग आदिवासी लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। लेकिन इस मामले में थाने में बिना प्राथमिकी दर्ज कराए आरोपी आरक्षी ठाकुर शंभू नाथ पर रेलवे ने विभागीय कार्रवाई चलाते हुए उसे बर्खास्त कर दिया है।
घटना का खुलासा जून के पहले सप्ताह में हुआ। इसके बाद आरोपी ठाकुर शंभू नाथ को चार जून को पहले निलंबित किया गया। फिर आरोपी से एक विभागीय टीम ने आकर पूछताछ की और आठ जून को उसे बर्खास्त कर दिया गया। जिस 14 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है वह अक्टूबर 2020 से मुख्य सतर्कता पदाधिकारी मो. साकिब के घर में रह रही है। अब सवाल यह उठता है कि मो. साकिब ने एक नाबालिग को कैसे अपने घर में रखा। अगर उसके माता पिता के सहमति से रखा और उसके साथ दुष्कर्म की घटना हुई तो बिना प्राथमिकी दर्ज कराए आरोपी पर विभागीय कार्रवाई कैसे चला दी गई।
मो. साकिब ने कहा लड़की की मानसिक स्थिति ठीक नहीं:
मुख्य सतर्कता पदाधिकारी मो. साकिब जिनके घर नाबालिग रहती है। उन्होने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आते ही जांच बैठा दी गई। एक टीम जांच के लिए बाहर से आई। जांच के बाद ही आरोपी आरक्षी शंभू ठाकुर को पहले निलंबित किया गया। फिर उसे बर्खास्त किया गया। नाबालिग लड़की की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इसलिए अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। लड़की की काउंसिलिंग की जा रही है। जैसे ही उसकी मानसिक स्थिति ठीक होती है प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। नाबालिग को उन्होने कैसे अपने घर में रखा है इस सवाल पर मो. साकिब ने कहा कि उन्होंने उसके माता पिता से कंसेंट लेने के बाद उसे घर में रखा है। लड़की को वे घर में पढ़ने लिखने के लिए रखे है ना कि काम कराने के लिए।
आरोपी आरक्षी ने कहा आरोप निराधार, मैं हर तरह की जांच के लिए तैयार:
इधर आरोपी आरक्षी ठाकुर शंभू नाथ ने कहा कि वे उक्त अतिथि गृह में 2016 से ही ड्यूटी पर हैं। वहां एक पांच का फोर्स ड्यूटी के लिए तैनात रहता है जिसमें से वे भी एक है। जिस लड़की पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए उन्हें बर्खाश्त किया गया वह निराधार है। वे इस मामले में हर तरह के जांच के लिए तैयार है। शंभू नाथ ने कहा कि वे लड़की का नाम तक नहीं जानते। अक्टूबर से लड़की वह मो. साकिब के घर में रह रही है। वे घर में उपर भी नहीं जाते थे और ना ही लड़की नीचे आती थी। ऐसे में वे लड़की के साथ कैसे दुष्कर्म कर सकते है। शंभू नाथ ने कहा कि इस मामले में उन्होंने वरीय पदाधिकारियों को जानकारी दी है। ताकि मामले में निष्पक्षता से जांच हो सके। 39 साल के शंभू नाथ ने कहा कि उनकी भी तीन बेटी है। वे अपनी इज्जत बचाने के लिए इस मामले के बाद खुदकुशी करने के लिए भी तैयार थे। लेकिन उनकी पत्नी ने रोक लिया।
चुटिया थाना ने लिया संज्ञान, आज हो सकती है पूछताछ:
इधर मामले की जानकारी मिलते ही चुटिया थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने पूरे मामले में वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया। थाना प्रभारी ने कहा कि चूकी मामला नालाबिग लड़की का है। जिससे पूछताछ सीडब्ल्यूसी के द्वारा ही की जा सकती है, इसलिए मंगलवार को इस मामले में लड़की से पूछताछ होगी। मामला आदिवासी व नाबालिग लड़की का है इसलिए हरेक बिंदु पर जांच की जाएगी।