
रामगढ़

लॉकडाउन के दौरान चोरी की वारदातें काफी बढ़ी हैं। चोरों को ऐसे कई घर मिले हैं, जहां कोई नहीं रह रहा था। कुछ घर तो ऐसे थे जहां लोग बीमार पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती थे। चोरों ने उन घरों को भी नहीं बख्शा। रामगढ़ थाना क्षेत्र में भी एक ऐसी ही घटना घटी है। यहां एक परिवार बीमार युवती का इलाज कराने अस्पताल गया था। इसी दौरान चोरों ने उसका घर खाली कर दिया। रविवार को घर के मालिक बाजार समिति के पीछे रहने वाले चंदन कुमार ने रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

उन्होंने बताया है कि उनके घर से जेवर नगदी व कीमती सामान सहित 2 लाख से अधिक की संपत्ति चोरी हो गई है। चंदन ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन सपना कुमारी की तबीयत खराब हो गई थी। वे लोग उसे लेकर इलाज के लिए 26 मई को हजारीबाग गए थे। सपना की तबीयत इतनी बिगड़ गई थी कि पूरा परिवार उसके इलाज में व्यस्त था। इसी दौरान 28 मई को उनके पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी कि उनके घर का मेन गेट का ताला टूटा हुआ है और घर में चोरी हो गई है।
चंदन जब वापस घर लौटे तो उन्होंने देखा की घर के अलमीरा का ताला तोड़कर चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि सोने के जेवर की कीमत लगभग 90000 होगी। इसके अलावा अट्ठारह हजार नगदी, टीवी, फैन, कपड़े व अन्य कीमती सामान चोरी हो गए हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।



