जरमुंडी(बासुकीनाथ)
जरमुण्डी प्रखंड क्षेत्र के बासुकीनाथ स्थित शिवशक्ति कुँज होटल के समीप किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बसहा बैल गंभीर रूप से घायल हो गया। जैसे ही घायलावस्था में तड़पते हुए नंदी बैल की सूचना सामाजिक कार्यकर्ताओं को मिली तो चिकित्सक को बुलाकर नंदी बाबा का समुचित इलाज कराया।

ग्रामीणों ने बताया कि दुमका भागलपुर मार्ग पर स्थित भुरभुरी पुल के टूट जाने के कारण भारी वाहनों का आवागमन बासुकीनाथ होकर किया जाता है। रात भर भारी वाहनों के आवागमन के कारण बासुकीनाथ में जाम की स्थिति बनी रहती है और ऐसे में बासुकीनाथ मंदिर को दान में प्राप्त बसहा बैल गौशाला के अभाव में इधर-उधर भटकते रहते हैं तथा आए दिन किसी वाहन के चपेट में आकर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इन नीरीह जानवरों की सुरक्षा के लिए गौशाला निर्माण कराने की माँग की है साथ ही बासुकीनाथ मंदिर मार्ग की संकरी सड़क को भारी वाहनों के परिचालन से मुक्त रखने की माँग की है ताकि नगर वासियों सहित इन बेजुबानों की सुरक्षा हो सके।
रिपोर्ट: कुणाल शांतनु



