- लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज कर मांगे जा रहे रुपये
रांची: बेखौफ साइबर अपराधियों ने झारखंड की पुलिसिया व्यवस्था को चुनौती दे दी है। इस बार किसी आम पब्लिक की नहीं बल्कि झारखंड के डीजीपी नीरज सिन्हा के नाम से ही एक फर्जी फेसबुक आईडी इन अपराधियों ने बना डाला है।
फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज कर मांगे जा रहे रुपये

इस अकाउंट से कई लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भी भेजे गये हैं और पैसे की मांग की जा रही है। यह फर्जी फेसबुक अकाउंट बिल्कुल डीजीपी के असली फेसबुक अकाउंट से मिलता जुलता बनाया गया है। ओरिजिनल आइडी में डीजीपी द्वारा उपयोग किये गये तस्वीर का उपयोग फर्जी आइडी में किया गया है।
कृपया ऐसे मित्र संदेश को अनदेखा करें: DGP

इस मामले में डीजीपी नीरज सिन्हा ने कहा कि किसी ने मेरी तस्वीर का उपयोग कर नकली फेसबुक अकाउंट बनाया है और फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज रहा है और फेसबुक मैसेंजर में संदेश भी जारी कर रहा है। कृपया ऐसे मित्र संदेश को अनदेखा करें।
मामले की हो रही जांच
इस संबंध में पुलिस प्रवक्ता एवं एडीसी अभियान आरके मलिक ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि साइबर अपराधी लगातार फेसबुक के माध्यम से लोगों को ठगने का काम कर रहे हैं । इसके पहले भी झारखंड में कई पुलिस अधिकारी, उपायुक्त और अन्य लोगों का नकली फेसबुक अकाउंट बनाकर साइबर अपराधियों ने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।



