गिरिडीह।
गिरिडीह जिला में भीषण सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार कार का टायर फट गया और वो अनियंत्रित हो कर खाई में जा गिरी। हादसे में कार में दंपती समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना गिरिडीह के बगोदर इलाके में GT रोड पर शनिवार को घटी।
जानकारी के मुताबिक कार की रफ्तार तेज थी। कार जैसे ही जीटी रोड में पहुंची उसका टायर फट गया। टायर में जोरदार ब्लास्ट की वजह से चालक ने कार पर से अपना निंयत्रण खो दिया। कार लहराती हुई खाई में जा गिरी। कार खाई में गिर कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी जिसकी वजह से उसमें सवार 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी।
हादसे का शिकार हुए सभी लोग बगोदर थाना क्षेत्र के कुदर गांव के रहने वाले थे। ये लोग कुछ खरीदारी करने के लिए बगोदर के बाजार जा रहे थे। इसी दौरान 20 मील के पास यह हादसा हो गया। पुलिस ने सभी को शवों को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने बताया कि मरने वालों में शेख़ आजम (60), उनकी पत्नी आसमीन खातून (55), मो. आमीर शेख (26) और मो. हसनैन शेख (24) शामिल हैं। वहीं, ममूल रजा गंभीर रूप से घायल हैं। घायल को रिम्स रेफर कर दिया गया है।