रांची।
रांची के बुंडू स्थित आवासीय विद्यालय में 25 छात्राएं कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) पाई गई हैं। सभी छात्राओं को फिलहाल स्कूल में ही आइसोलेट किया गया है। वहीं विद्यालय की अन्य छात्राओ को भी ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।

बुंडू के इंदिरा गांधी आवासीय विद्यालय में कुल 94 छात्राएं है, जो यहां रहकर पढ़ाई कर रही है। कोविड के मद्देनज़र होली के बाद सभी बच्चियों का कोविड टेस्ट किया गया था। टेस्ट के बाद आए रिपोर्ट में 25 बच्चियां कोविड पॉजिटिव पाई गई हैं। विद्यालय परिसर में ही छात्राओं को आइसोलेट किया गया है।


वहींं छात्राओं की ट्रैवेल हिस्ट्री को भी खंगाला जा रहा है और जो भी लोग इनके सम्पर्क में आए होंगे सभी का कोविड टेस्ट किया जाएगा।
बता दें कि झारखंड में फिलहाल 8वीं तक की ही कक्षा चल रही है।
इंदिरा गांधी आवासीय विद्यालय, बुंडू के 25 छात्राओं के कोरोना पॉजिटिव मिलने की पुष्टि करते हुए रांची के सिविल सर्जन डॉ वीबी प्रसाद ने कहा कि स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह चौकस है। उन्होंने बताया कि बुंडू के लिए विशेष टीम बना दी गई है। सभी छात्राओं को आइसोलेट कर उनके स्वास्थ्य की जांच की जा रही है और पर्याप्त मात्रा में दवा की किट भी उपलब्ध कराई गई है।





