

गुमला।

गुमला के बेतेरकेरा गांव में एक महिला ने अपने पति की शादी के 11वें दिन हत्या ही कर दी। दोनों की 5 फरवरी को शादी हुई थी। महिला के अनुसार उसे लड़का पसंद नहीं था, लेकिन परिवारवालों ने जबरन शादी करा दी थी। जिससे छुटकारा पाने के लिए पत्थर से कुचलकर अपने पति की हत्या कर दी और शव कुएं में फेंक दिया।
बेतेरकेरा गांव में संजय तोपनो का शव 17 फरवरी को कुएं में मिला था। उसकी शादी बेतेरकेरा गांव की रहने वाली सनियारो के साथ हुई थी। 11 फरवरी को संजय अपनी पत्नी सनियारो के साथ अपने ससुराल गया था। 16 फरवरी को सनियारो पति को बेर खिलाने और सब्जी तोड़ने के बहाने से अपने चाचा के खेत में ले गई। यहां सनियारो ने पति की पत्थर से कुचल कर हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया, फिर वहां से वापस घर चली आई।


जब संजय का शव बरामद हुआ तो सनियारों ने पुलिस को बताया था कि खेत में जाने पर संजय तोपनो के मोबाइल पर किसी का कॉल आया और वो बातचीत करते हुए आगे की ओर चला गया। जबकि सनियारो अपने भाई के साथ वापस घर आ गई, लेकिन संजय रात भर घर नहीं आया। वहीं, शव पर चोट के निशान मिलने के बाद से पुलिस इसे हत्या मानकर चल रही थी। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो सनियारो ने अपना गुनाह स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।



