

रांची।

टोक्यो में आयोजित होने वाले ओलिंपिक से पहले झारखंड में राष्ट्र स्तरीय कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। चैंपियनशिप जून में देवघर में आयोजित किया जाएगा। इसमें देश भर के 1300 से ज्यादा पहलवान भाग लेंगे।

भारतीय कुश्ती संघ ने झारखंड राज्य कुश्ती संघ को अंडर-15 कुश्ती चैंपियनशिप की मेजबानी सौंपी है। प्रतियोगिता के आय़ोजन के लिए झारखंड कुश्ती संघ के भोलानाथ सिंह को दायित्व सौंपा गया है। भारतीय कुश्ती संघ ने झारखंड कुश्ती संघ को लेटर लिख कर आयोजन स्थल, आयोजन तिथि और अन्य सूचनाओं को फाइनल करने की जिम्मेवारी सौंपी है।
झारखंड राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने बताया कि जून में होने वाले चैंपियनशिप के लिए तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी। नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता देवघर में आठ साल के बाद आयोजित की जा रही है। पिछली बार 2012 में यहां आयोजन हुआ था। साल 2012 में प्रतियोगिता लंदन ओलिंपिक के ठीक पहले आयोजित हुई थी। इस बार टोक्यो ओलिंपिक के पहले इसका आयोजन हो रहा है।

भोलानाथ सिंह ने बताया कि चैंपियनशिप के दौरान भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष सह सांसद बृजभूषण सिंह भी उपस्थित रहेंगे। झारखंड कुश्ती संघ के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह के मुताबिक देवघर में ही कुश्ती प्रतियोगिता कराये जाने के पीछे कई कारण हैं। एक इस बहाने से सांस्कृतिक नगरी का प्रचार-प्रसार बढ़ेगा। दूसरा कि खिलाड़ियों सहित भारतीय कुश्ती संघ भी इस जगह से विशेष जुड़ाव रखता है।
31 टीमें प्रतियोगिता में लेंगी हिस्सा
झारखंड कुश्ती संघ के अनुसार प्रतियोगिता में 31 टीमें (यूनिट) भाग लेंगी। हर टीम में 30 खिलाड़ी, 6 कोच, 6 मैनेजर सहित तकरीबन 40 लोग होंगे। इसके अलावा 50 तकनीकी अधिकारी इसका संचालन करेंगे।



